एशियाई चैम्पियन हॉकी टूर्नामेंट में भारत ने ओमान को 11-0 से रौंद दिया

0
549

नई दिल्ली/मस्कट, ओमान के मस्कट में चल रहे एशियाई चैम्पियन हॉकी टूनाममेंट में भारत ने मेजबान ओमान को 11-0 से रौंद दिया। युवा स्ट्राइकर दिलप्रीत सिंह ने तीन गोल दागे।

देर रात मस्कट में खेले गए इस मुकाबले में मेजबान ओमान ने पहले 15 मिनट में अच्छा खेल दिखाया और भारतीय हॉकी टीम को कोई गोल नहीं करने दिया। भारतीय टीम ने 17वें मिनट में ललित उपाध्याय के गोल से खाता खोला। उपाध्याय के अलावा हरमनप्रीत सिंह ने 22वें मिनट, नीलकांत शर्मा ने 23वें मिनट और मनदीप सिंह ने 30वें मिनट में गोल दागे।

दिलप्रीत ने तीन गोल (41वें, 55वें और 57वें मिनट) किये और उन्हें मैन आफ द मैच से नवाजा गया। उनके अलावा गुरजंत सिंह (37वें मिनट), आकाशदीप सिंह (27वें मिनट), वरूण कुमार (49वें मिनट) और चिंगलेनसना सिंह (53वें मिनट) ने भी भारत की तरफ से गोल दागे।

सीनियर राष्ट्रीय टीम की तरफ से पहली बार मैन आफ द मैच बनने वाले दिलप्रीत ने इसका श्रेय अपने साथियों को दिया जिन्होंने मौके बनाये। दिलप्रीत ने कहा, ‘‘यह एक के प्रयास से संभव नहीं था। मेरे साथियों ने मौके बनाये जिससे मैं गोल कर पाया। भारता अपना अगला मुकाबला अपने चिरप्रतिद्वंदी पाकिस्तान के साथ रविवार को खेलेगा।