चक्रवाती तूफान ‘गाजा’ गुरुवार को तमिलनाडु में देगा दस्तक 

0
1255

चेन्नई, बंगाल की खाड़ी में बन रहे गहरे दबाव के चलते चक्रवाती तूफान ‘गाजा’ तेजी से मजबूत हो रहा है। यह तमिलनाडु और पुदुचेरी के तटवर्ती इलाकों में गुरुवार को दस्तक देने वाला है। इसके कारण 125 किमी. की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक ‘गाजा’ के असर से 110 किमी. प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। इसकी रफ्तार गुरुवार शाम तक 125 किमी. प्रतिघंटा हो सकती है। ‘गाजा’ चक्रवात से तमिलनाडु, पुदुचेरी और आंध्र प्रदेश के आंशिक हिस्से प्रभावित रहेंगे। यह चक्रवात गुरुवार के बाद धीरे-धीरे कमजोर होगा।

एहतियात के तौर पर नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) की नौ टीमें तमिलनाडु में और दो टीमें पुदुचेरी में अलर्ट पर रखी गई हैं। तमिलनाडु और पुदुचेरी में सभी स्कूल-कॉलेजों में गुरुवार को छुट्टी कर दी गई है।

तमिलनाडु के उत्‍तर तटवर्ती, पुदुचेरी और इसके आसपास के इलाकों में वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने कुड्डालोर, नागापट्टिनम, तिरुवरूर, थंजावुर, पुड्डुकोट्टाई, तूतिकोरिन और रामनाथपुरम में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान गाजा भयावह रूप ले सकता है। यह तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के अलावा पुदुचेरी को भी अपनी चपेट में ले सकता है। इसके कारण तमिलनाडु-दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में हालात बिगड़ सकते हैं। समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है।

तमिलनाडु और पुदुचेरी में प्रशासन एवं राहत एजेंसियां अलर्ट पर हैं। पुदुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने बुधवार को प्रमुख अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की है।

तूफान ‘गाजा’ तमिलनाडु तट की ओर बढ़ रहा है। यह चेन्नई के 740 किमी. पूर्व और नागपट्टिनम के 830 किमी. पूर्व और उत्तर-पूर्व में केंद्रित है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में तूफान के भीषण रूप लेने और पश्चिम व दक्षिण पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की आशंका व्‍यक्‍त की है।