भारतीय सैनिकों की वीरता पर देश को नाज: मुख्यमंत्री

0
759

रानीखेत, मुख्यमंत्री रावत ने कहा है कि, “भारतीय सैनिक, देश का गौरव हैं। हम सभी को अपने सैनिकों की बहादुरी पर नाज है। सैनिक बनकर देश सेवा करना पुण्य का काम है।” मुख्यमंत्री रानीखेत के सोमनाथ मैदान में आयोजित भारतीय सेना की कसम परेड़ के अवसर पर सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, “भारतीय सेना के कुमाऊॅ और नागा रजिमेंट के गौरवशाली इतिहास में एक अध्याय और जुड़ गया है। देेशभक्ति से ओतप्रोत बैंडधुन पर कदमताल करते इन सैनिकों ने अनुशासन की एक बेहतरीन मिसाल दी है। हमारे सैनिकों ने हमेशा ही एकता अखण्डता को बनाये रखने के लिये सीमाओं के सजग प्रहरी के रूप में काम किया। सैनिक बनकर देश सेवा करना एक पुण्य का काम है। सेना का जीवन कठिन होता।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके पिता स्व. प्रताप सिंह रावत भी सैनिक थे। इसी कारण वे भी सेना की गौरवशाली परंपरा से वाकिफ है। देवभूमि के सैनिकों ने अपने त्याग और साहस के बल पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नव प्रशिक्षित जवान सेना की महान गौरवशाली परम्परा को बनाए रखेंगे।

सोमवार को सोमनाथ मैदान में 155 भारतीय सेना के जवानों की कसम परेड़ आयोजित की गई। जिसमें 67 जवान उत्तराखण्ड के थे, शेष 88 जवान महाराष्ट्र, बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान व अन्य राज्यों के थे। इस समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट को विशेष मेडल से सम्मानित किया गया।