गुरुनानक जयंती व कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं

0
1236

देहरादून,  मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत और राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने गुरूनानक की जयंती एवं कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि सिख धर्म के प्रथम गुरू गुरूनानक देव ने हमें सामाजिक समरसता, शांति एवं सौहार्द के मार्ग पर चलने का संदेश दिया है। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक है और समाज का मार्गदर्शन कर रही है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि, “गुरु नानक जी ने समाज में ऊंचनीच, भेदभाव, वैमनस्यता को दूर करने के लिए अथक प्रयास किए। गुरूनानक ने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में सक्रिय योगदान दिया। उनके द्वारा दिए गए सामाजिक समरसता, एकता एवं सौहार्द का संदेश आज पहले से भी अधिक प्रासंगिक हैं।” मुख्यमंत्री ने इस प्रकाश उत्सव पर प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि की कामना की है।

राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने अपने संदेश में कहा है, “गुरू नानक देव जी का सत्य, संतोष, करूणा, प्रेम तथा त्याग का संदेश संपूर्ण मानवता के लिए एक प्रकाश स्तंभ की भांति है। गुरू नानक देव ने समाज को समानता, भाई-चारे और सद्गुणों के आधार पर एक महान आध्यात्मिक एवं समाजिक नेतृत्व दिया।” राज्यपाल ने समाज के सभी वर्गो से मिलजुल कर प्रेम एवं सद्भाव के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया।