बस हादसे पर सीएम ने जताया दुख, अधिकारियों को दिए निर्देश

0
616

उत्तरकाशी के जानकीचट्टी से विकासनगर जा रही निजी कंपनी की बस डामटा के निकट गहरी खाई में जा गिरी। एसडीआरएफ के अनुसार हादसे में 15 लोगों की मौत हो गर्इ, जबकि 8 यात्री घायल हैं। घायलों को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गाया है।

हादसा दोपहर करीब सवा बारह बजे हुआ। निजी कंपनी की बस सुबह जानकीचट्टी से बड़कोट हुए विकासनगर को जा रही थी। डामटा पहुंचने से तीन किलोमीटर पहले किमथात में चालक संतुलन खो बैठा और बस करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना पर डामटा और नौगांव पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस ने रेस्क्यू शुरू किया। बताया जा रहा है कि गहरी खाई में गिरकर बस यमुना नदी के किनारे पहुंच गई। खाई से आठ शव निकाले गए। साथ ही कर्इ घायलों को बाहर निकालकर निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया गया। जहां एक घायल ने डामटा अस्पताल में दम तोड़ दिया।

अभी घटनास्थल पर अन्य लोगों की भी तलाश जारी है। संभावना है कि झाड़ियों में और लोग भी हो सकते हैं। वहीं, छह यात्रियों को हेलिकॉप्टर से जोलीग्रांट भेजा गया है, जबकि  आठ को एंबुलेंस से दून अस्पताल रेफर किया गया है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने के साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से कामना की।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल लोगों को अतिशीघ्र समुचित उपचार उपलब्ध कराने व घटनास्थल पर हेलीकॉप्टर भेजकर घायलों को हायर सेंटर, देहरादून लाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गम्भीर घायलों को हेलीकॉप्टर द्वारा देहरादून लाया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा अमित नेगी व जिलाधिकारी, उत्तरकाशी से घटना की पूरी जानकारी भी प्राप्त की और मृतकों के परिजनों व घायलों को तत्काल अनुमन्य सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के भी आदेश दिए हैं।

उक्त दुर्घटना में गम्भीर घायल 6 लोगों को हेलीकाप्टर के माध्यम से एम्स, ऋषिकेश व जौलीग्रांट चिकित्सालय, देहरादून में भर्ती कराया गया है, जबकि 8 घायलों को एम्बुलेंस द्वारा उपचार के लिए देहरादून लाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में अभी तक में 15 लोगों की मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई है, रेस्क्यू अभी जारी है।