आय और सम्पत्ति का हिसाब दें राहुल: भाजपा

0
460

नई दिल्ली। केन्द्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके सम्पत्ति का हिसाब मांगा है। प्रसाद ने शनिवार को भाजपा मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी संसद सदस्य हैं और उनकी कमाई का साधन उनका वेतन है। पिछले कुछ समय में उनकी सम्पत्ति में तेजी से इजाफा हुआ है। ऐसे में राहुल गांधी को अपनी आय और सम्पत्ति का हिसाब देना चाहिए।
भाजपा नेता ने राहुल गांधी के वर्ष 2004 में चुनाव के दौरान दिए गए एफिडेविट का हवाला देते हुए कहा कि 2004 में राहुल की कुल संपत्ति 55 लाख 38 हजार 123 रुपये थी, जो वर्ष 2009 में बढ़कर 02 करोड़ हो गई और 2014 में 9 करोड़ हो गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार से उनकी सम्पत्ति में इजाफा कैसे हुआ? इसको बताना चाहिए।
प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस द्वारा एक मैग्जीन और एक चैनल की रिपोर्ट के आधार भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। इस आरोप का जब जवाब दिया गया तो वो चुप हो गए लेकिन अब राहुल गांधी की बारी है। उन्हें अपनी सम्पत्ति का हिसाब देना चाहिए।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा की लोकप्रियता से कांग्रेस परेशान है। इसीलिए वो आरोप लगाते रहते हैं। भाजपा की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी खुद दो सीटों से चुनाव लड़ने पर मजबूर हैं।
उल्लेखनीय है कि कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा पर कांग्रेस की ओर से लगाए गए भ्रष्टाचार और रिश्वत के आरोपों को शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बेबुनियादी करार दिया था। वहीं इस मुद्दे को सिरे से खारिज करते हुए बीएस येदियुरप्पा ने कहा था कि वो कांग्रेस पर मानहानि का केस करने की सोच रहे हैं।